British India Association (BIA ) चुनाव: राजा मनकापुर की ऐतिहासिक जीत

केंद्रीय मंत्री राजा कीर्तिवर्धन सिंह ने British India Association (BIA) के अध्यक्ष पद का चुनाव 130 मतों से जीता। पढ़ें पूरी खबर।
लखनऊ 6 oct : ऐतिहासिक ब्रिटिश इंडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए हुए रोचक और प्रतिष्ठित चुनाव में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री तथा पूर्व मनकापुर राजघराने के राजा कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ ‘राजा भईया’ ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने पूर्व बलरामपुर रियासत के राजा जयेंद्र प्रताप सिंह को 130 मतों के अंतर से पराजित किया। यह चुनाव राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक कैसरबाग स्थित बारादरी में संपन्न हुआ, जहाँ लंबे समय बाद एक प्रतिस्पर्धी मुकाबला देखने को मिला।
चुनाव प्रक्रिया आज सुबह 9 बजे शुरू हुई और शाम 4 बजे तक चली। कुल 236 मतदाताओं ने अपने मत डाले, जिनमें से राजा कीर्तिवर्धन सिंह को 183 मत प्राप्त हुए, जबकि राजा जयेंद्र प्रताप सिंह को 53 मतों पर संतोष करना पड़ा। यह चुनाव संस्था के अध्यक्ष पद के लिए हुआ, जो पिछले कई वर्षों से निर्विरोध चुनाव के कारण चर्चा में नहीं था। इस चुनाव में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह सहित कुल 322 पंजीकृत मतदाता थे।
जीत की घोषणा के बाद राजा कीर्तिवर्धन सिंह के समर्थकों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया और उन्होंने ‘राजा भैया जिंदाबाद’ के नारों से खुशी का इजहार किया। विजेता को संस्था के सदस्यों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने बधाई देते हुए संस्था के गौरवशाली भविष्य की कामना व्यक्त की।

हार को जीत बताया प्रतिद्वंद्वी ने
पराजय स्वीकार करते हुए भी राजा जयेंद्र प्रताप सिंह ने इसे अपनी ‘नैतिक जीत’ करार दिया। उन्होंने कहा, “यह मेरा पहला चुनाव था और महज 25 दिनों की अल्प अवधि में तैयारी करके हमने इतने वोट हासिल किए। जो अध्यक्ष बने हैं, वह मेरे बड़े भाई के समान हैं। मेरे लिए यह हार नहीं, बल्कि एक जीत है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनका मुख्य उद्देश्य 1861 में स्थापित इस संस्था के गौरवशाली इतिहास और उसके उद्देश्यों को बनाए रखना है।
क्यों हुआ था चुनाव?
ब्रिटिश इंडिया एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजा आनंद प्रताप सिंह ‘अन्नू भईया’ का इसी वर्ष 6 जुलाई को निधन हो गया था, जिसके बाद अध्यक्ष पद रिक्त हो गया था। प्रारंभ में पद के लिए निर्विरोध चुनाव का प्रयास किया गया, लेकिन राजा जयेंद्र प्रताप सिंह ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी, जिसके परिणामस्वरूप यह चुनाव कराना अनिवार्य हो गया।
एक नजर में ब्रिटिश इंडिया एसोसिएशन
ब्रिटिश इंडिया एसोसिएशन की स्थापना 1857 की प्रथम जनक्रांति के बाद ब्रिटिश सरकार के दौरान हुई थी। उस दौरान अवध क्षेत्र के महाराजाओं, राजाओं, तालुकेदारों, जागीरदारों और जमींदारों के सामने आई चुनौतियों के समाधान के लिए इस संस्था का गठन किया गया था। इसकी स्थापना में तत्कालीन बलरामपुर रियासत के महाराजा दिग्विजय सिंह के योगदान को विशेष रूप से याद किया जाता है। वर्तमान में इस संस्था के दायरे में अवध क्षेत्र के 14 जिलों के राजपरिवार और जमींदार शामिल हैं।
आज का यह चुनाव इस ऐतिहासिक संस्था में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीवंतता को दर्शाता है और भविष्य में इसके नए अध्याय के सूत्रपात का संकेत देता है।
अंक ज्योतिष : Weekly Numerology Prediction 6 Oct to 12 October 2025!
Discover more from Utthan Xpress
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
