Lucknow Nagar Nigam action इंद्रानगर में कब्रिस्तान की जमीन पर प्लाटिंग, चला बुलडोज़र !

लखनऊ के बस्तौली गांव में कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध प्लाटिंग कर बेचने की तैयारी, Lucknow Nagar Nigam ने की पैमाइश और हटाया कब्जा, जानें पूरा मामला। #LucknowNews,
लखनऊ 17 Feb । राजधानी में भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे सरकारी जमीनों के साथ-साथ कब्रिस्तान की भूमि को भी हड़पने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला इंदिरानगर के बस्तौली गांव का है, जहां प्रापर्टी डीलरों द्वारा कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध प्लाटिंग कर उसे बेचे जाने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जे से मुक्त करा लिया।
दरअसल, बस्तौली गांव में गाटा संख्या-99 स्थित 0.177 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में कब्रिस्तान के रूप में दर्ज है। यह शासकीय भूमि नगर निगम के अधीन आती है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की पैमाइश की। जांच में पाया गया कि उक्त जमीन पर अवैध रूप से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराकर प्लाटिंग की जा रही थी और इसे व्यावसायिक उपयोग के लिए बेचे जाने की तैयारी थी। इस पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए तुरंत अवैध कब्जों को हटाया और जमीन पर अपना बोर्ड लगाकर इसे सरकारी संपत्ति घोषित कर दिया।
यह कार्रवाई सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (संपत्ति) रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार अरविंद पाण्डेय की मौजूदगी में की गई। अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि खाली कराई गई इस जमीन की बाजार में कीमत करीब सात करोड़ रुपये आंकी गई है। उन्होंने कहा कि यह जमीन कब्रिस्तान श्रेणी में दर्ज है, जिसे अवैध रूप से प्लाटिंग कर बेचे जाने की साजिश रची जा रही थी। नगर निगम की इस कार्रवाई से भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
वहीं, नगर निगम ने अमौसी इलाके में भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। खसरा संख्या 3133, 1947 और 1639 में स्थित 0.408 हेक्टेयर भूमि पर कुछ लोगों ने अस्थाई तौर पर कब्जा कर लिया था। टीम ने वहां से भी अतिक्रमण हटवाकर जमीन को नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में सुरक्षित करा लिया।
लखनऊ नगर निगम की यह कार्रवाई शासकीय संपत्तियों के संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी और धार्मिक भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उनके आसपास कहीं भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा या प्लाटिंग होते दिखे तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी राजस्व या नगर निगम कार्यालय को दें। प्रशासन ने साफ किया है कि Lucknow Nagar Nigam action के तहत किसी भी तरह की भू-माफिया गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और अवैध कब्जों की रोकथाम के लिए टीमें लगातार सघन जांच कर रही हैं।
Ancient Hindi Wisdom for Health: Warm Legs, Soft Stomach, Cool Mind
Whatsapp Group :https://chat.whatsapp.com/KFwjngVxe8X9XC9XQL3MlA
Discover more from Utthan Xpress
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
