Kanpur Explosion: मिश्री बाजार में स्कूटर विस्फोट, 6 घायल!

Kanpur Explosion : कानपुर के मिश्री बाजार में दो स्कूटर में भीषण धमाका, 6 लोग घायल। पुलिस कमिश्नर मौके पर पहुंचे, बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा। पढ़ें पूरी खबर।
कानपुर 8 Oct : उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर में बुधवार शाम एक भीषण धमाके ने मूलगंज थाना क्षेत्र के व्यस्त मिश्री बाजार इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। शाम करीब 7:30 बजे हुए इस विस्फोट (Kanpur Explosion) की जोरदार आवाज इतनी तेज थी कि यह आधा किलोमीटर के दायरे में सुनाई दी, जिसके बाद पूरे बाजार में भगदड़ मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह धमाका मस्जिद के निकट खड़े दो स्कूटरों में हुआ। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आस-पास की कई दुकानों और आवासीय भवनों की दीवारों में दरारें आ गईं और कांच के शीशे चकनाचूर हो गए। इस घटना में कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी घायलों को पुलिस की मदद से तुरंत उर्सला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
Kanpur Explosion: वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, जांच जारी
धमाके की सूचना मिलते ही मौके पर कानपुर के नवनियुक्त पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल और संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष सिंह समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम पहुँच गई। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से पूरे इलाके को सीलबंद कर दिया और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) को बुलावा भेज दिया। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी सबूत जुटाने में जुटी हुई है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “मूलगंज थाना अंतर्गत मिश्री बाजार इलाके में आज दो स्कूटर खड़े थे, जिनमें विस्फोट हो गया। यह घटना शाम करीब 7:15 बजे हुई। कुल 6 लोग घायल हैं, सभी का इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं।”
क्या है Kanpur Explosion का कारण?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर स्कूटरों में विस्फोट हुआ कैसे? प्रारंभिक तौर पर कई संभावनाएं जाँची जा रही हैं। इनमें स्कूटर में रखी कोई संदिग्ध वस्तु, वाहन की बैटरी में अचानक हुआ विस्फोट, या फिर कोई साजिश शामिल है। जेसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि स्कूटर के मालिकानों की पहचान की जा चुकी है और उनसे पूछताछ की जाएगी।
स्थानीय लोगों में डर का माहौल
यह घटना स्थानीय निवासियों के लिए एक डरावने अनुभव के समान रही। बाजार में मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों ने बताया कि अचानक हुई जोरदार आवाज के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस और प्रशासन द्वारा मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहरी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की पूरी कोशिश है कि जल्द से जल्द इस धमाके के असली कारणों का पता लगाया जाए और दोषियों को कानून के कठघरे में लाया जाए।
PM Modi: डरपोक कांग्रेस ने 26/11 हमले में विदेशी दबाव में सेना को रोका !
Discover more from Utthan Xpress
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
